लूट, छिनैती, महिलाओं से छेड़खानी और अवैध शस्त्रों से जुड़े मामलों में वांछित थे आरोपी
सोनभद्र। संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित गैंग लीडर चन्द्रभूषण समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लूट, छिनैती, महिलाओं से छेड़खानी और अवैध शस्त्रों से जुड़े अपराधों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 26 अगस्त को बढ़ौली चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित तीनों आरोपी ईको प्वाइंट के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन प्रभावी घेराबंदी कर उन्हें करीब 10:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रभूषण पुत्र स्वर्गीय लालचन्द्र, निवासी लोढ़ी, थाना रॉबर्ट्सगंज, उम्र करीब 42 वर्ष, को गैंग लीडर बताया गया है। उसके साथ अगस्त कोल उर्फ आजाद, निवासी अशोकनगर, रॉबर्ट्सगंज, उम्र करीब 26 वर्ष तथा अजय कुमार उर्फ राहुल कुमार, निवासी कांशीराम आवास, रॉबर्ट्सगंज, उम्र करीब 27 वर्ष को सक्रिय गैंग सदस्य के रूप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह सुनसान एवं कम आबादी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आने-जाने वाले राहगीरों तथा युवक-युवतियों को निशाना बनाता था। आरोपियों पर लोगों को धमकाकर मोबाइल और रुपये छीनने तथा महिलाओं से छेड़खानी के आरोपों से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं।
मुठभेड़ में भी बरामद हुए थे अवैध हथियार
पुलिस के अनुसार 8 अक्टूबर 2025 की घटना में गिरोह के सदस्यों ने लोढ़ी टोल प्लाजा और ईको प्वाइंट क्षेत्र में सुनसान पहाड़ी इलाके में युवक-युवती को निशाना बनाया था। आरोप है कि उन्हें धमकाकर मोबाइल व रुपये छीने गए और महिला से छेड़खानी की गई। इसके अगले दिन पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 315 बोर के देशी तमंचे, कारतूस तथा लूट का मोबाइल व धनराशि बरामद हुई थी।
पुलिस की जांच में अजय कुमार उर्फ राहुल कुमार के कब्जे से बरामद मोटोरोला मोबाइल की IMEI संख्या पीड़िता के मोबाइल की IMEI संख्या से मेल खाने की बात भी सामने आई है।
गैंगस्टर एक्ट में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार तीनों के विरुद्ध थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 713/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उपलब्ध आपराधिक अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त किया था।
चन्द्रभूषण के विरुद्ध आबकारी अपराध, लूट-छिनैती, महिला से छेड़खानी, अवैध शस्त्र और पुलिस-बदमाश मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं अगस्त कोल उर्फ आजाद और अजय कुमार उर्फ राहुल कुमार के विरुद्ध भी लूट-छिनैती, अवैध शस्त्र और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
अन्य सदस्यों और संपत्ति की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अपराध से अर्जित चल-अचल संपत्ति एवं आर्थिक लाभ के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार संपत्ति जब्ती या कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हे0का0 संदीप राय, का0 रुपेश कुमार और हे0का0 नन्दलाल राम शामिल रहे।
पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध, लूट, छिनैती, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, अवैध शस्त्र और गैंगस्टर जैसी गतिविधियों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

