सोनभद्र, । वर्षा ऋतु में अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने ओबरा बाँध के जलस्तर पर सतत निगरानी तेज कर दी है। ओबरा बाँध का पूर्ण जलस्तर (FRL) 193.24 मीटर निर्धारित है। अधिक वर्षा की स्थिति में बाँध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर गेट खोले जा सकते हैं। गेट खोले जाने पर निकला पानी रेणु नदी से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी तय कर सोन नदी में प्रवाहित होगा।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने चकाड़ी, गुरुच, महलपुर, गोठानी, खैरटीया, वर्दिया एवं सिन्दुरिया गांवों के नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने को कहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाँध के जलस्तर और परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

