सोनभद्र। दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं दहेज मृत्यु से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त को बीजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में बीजपुर पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 अगस्त की सुबह करीब 5:42 बजे शिव मंदिर, सिरसोती के पास घेराबंदी कर अभियुक्त सोनू पुत्र स्व. रामलाल, निवासी ग्राम सिरसोती, थाना बीजपुर, उम्र करीब 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना बीजपुर में मु0अ0सं0 94/2026, धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय, हेड कांस्टेबल भानू प्रताप यादव एवं कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुप्ता शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने बताया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

