रोजगार के अवसरों के साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
सोनभद्र। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों को यूपी डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप से अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से विकसित यह ऐप निर्माण श्रमिकों और नियोजकों के बीच डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
ऐप के जरिए बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां, सेवायोजक एवं अन्य प्रतिष्ठान अपनी जरूरत के अनुसार श्रमिकों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। वहीं श्रमिक भी ऐप के माध्यम से नियोजकों से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इससे एक ओर श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नियोजकों को आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक आसानी से मिल सकेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कार्यरत निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें डाउनलोड एवं पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों से अपील की कि वे गूगल प्ले स्टोर से यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण कराएं और आसपास के अन्य श्रमिकों एवं नियोजकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
तकनीकी समस्या पर इन नंबरों पर करें संपर्क
ऐप के संचालन अथवा पंजीकरण में तकनीकी समस्या होने पर श्री सुरेश कुमार (सहायक लेखाकार) 9935907680, श्री प्रवीण मदक (कम्प्यूटर ऑपरेटर) 7499938952, श्री दुर्गा शंकर मिश्रा (कम्प्यूटर ऑपरेटर) 7800556560, श्री राजेश शर्मा (कम्प्यूटर ऑपरेटर) 9451575696 तथा श्री दीपक कुमार मदक (कम्प्यूटर ऑपरेटर) 9936012820 पर संपर्क किया जा सकता है।

