सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये, जबकि स्कॉर्पियो की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हिन्दुआरी की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो संख्या UP32HQ1416 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर करीब रात 10 बजे चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजा तीन प्लास्टिक बोरियों में रखा गया था। इसके अलावा पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और एक किया कार की चाबी भी मिली।
उड़ीसा से बलिया तक तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर गांजा तस्करी करते हैं। उनके अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए वाहन, धनराशि और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाते थे। सम्बलपुर, उड़ीसा के पास से गांजा लेकर उसे जनपद बलिया पहुंचाने के एवज में प्रत्येक व्यक्ति को करीब 15 हजार रुपये दिए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक तस्कर रास्ते में चेकिंग से बचने के लिए व्हाट्सऐप कॉल और लोकेशन के जरिए एक-दूसरे से संपर्क करते थे। 27 अगस्त को दोनों वाहनों से उड़ीसा से गांजा लेकर लौटते समय छत्तीसगढ़ के जशपुर जनपद स्थित कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने वैकल्पिक रास्ता अपनाया। रास्ता समाप्त होने पर किया कार को छोड़कर उसकी चाबी अपने पास रख ली और स्कॉर्पियो से आगे बढ़ गए।
सोनभद्र में हाईवे किनारे जंगल क्षेत्र में रात बिताने के बाद 28 अगस्त को आगे बढ़ने के दौरान हिन्दुआरी के पास पुलिस चेकिंग में पकड़े जाने के डर से उन्होंने स्कॉर्पियो मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में चारों गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 721/2026, धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में विधिचन्द्र यादव निवासी मऊ, साजिद अली, रईस खान और आदित्य जायसवाल निवासी जनपद कुशीनगर शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हिन्दुआरी विनय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी चुर्क धर्मनारायण भार्गव समेत थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

