प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या, 24 घंटे में खुलासा, पत्नी-प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

शक्तिनगर। बीना स्टेडियम/जमशीला के पास सड़क किनारे मिले एनसीएल बीना के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा के शव के मामले का शक्तिनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम-प्रसंग में पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रमाशंकर की हत्या की थी। वारदात को छिपाने के लिए शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाकर सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने मामले में पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। इस संबंध में शक्तिनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की गई।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त की रात रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रियंका और विकास ने रमाशंकर का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर सिर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए विकास चौहान ने अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद ली। शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क किनारे ले जाया गया और वाहन से चोट पहुंचाकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने मामले में विकास चौहान, प्रियंका मिश्रा, अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह और अमृत लाल शामिल रहे। पुलिस के त्वरित खुलासे से क्षेत्रवासियों और एनसीएल कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

ये भी पढ़िए