सम्पर्क मार्ग व विद्युतीकरण कार्यों की होगी तकनीकी जांच, मेडिकल स्टोरों के नियमित निरीक्षण पर भी जोर
सोनभद्र। जनपद में संचालित विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को लेकर शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य मंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग संजीव कुमार गोड़ ने की। इस दौरान विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि समेत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कराए जाएं और निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैठकों में दिए गए निर्देशों का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निर्देशों के अनुपालन की अगली बैठक में पुनः समीक्षा की जाएगी।
हर पात्र परिवार को मिले मुख्यमंत्री आवास
मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने पात्र परिवारों का पारदर्शी एवं नियमानुसार चयन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही पात्रता की जांच गंभीरता से करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहे।
सड़कों और विद्युतीकरण की होगी तकनीकी जांच
जनपद में कराए जा रहे सम्पर्क मार्गों एवं विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं नियमित निरीक्षण करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विकास एवं निर्माण कार्य शुरू होने से पहले शिलान्यास तथा पूर्ण कार्यों का लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।
मेडिकल स्टोरों पर होगी निगरानी
औषधि विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित प्रावधानों के नारकोटिक और नियंत्रित श्रेणी की दवाओं की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों की भी जांच करने तथा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर जनहित से जुड़े विषयों तक सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विधायक राबर्ट्सगंज एवं विधायक घोरावल के प्रतिनिधिगण, प्रमुखगण, खंड विकास अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, समिति में नामित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधानगण सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

