पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज में ऊर्जाचल टाइगर्स ने बनाई 1-0 की बढ़त, निखिल गुप्ता बने मैन ऑफ द मैच
अनपरा। मेजर ध्यानचंद के 121वें जन्मदिन एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इंडिया कप की पांच एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। पहले वनडे में ऊर्जाचल टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनपरा लायंस को 87 रनों से करारी शिकस्त दी और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऊर्जाचल टाइगर्स की टीम 47.5 ओवर में 199 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान साक्षी मिश्रा ने 39 रन, अंशु ने 37 और निखिल ने 35 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। अनपरा लायंस की ओर से चिराग गर्ग ने चार तथा अभिनव ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनपरा लायंस की टीम ऊर्जाचल टाइगर्स की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 41 ओवर में महज 112 रन पर सिमट गई। अनुज ने 24 और पीयूष ने 16 रन बनाए। ऊर्जाचल टाइगर्स की ओर से वैभव और निखिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट झटके, जबकि विशाल पनिका और धैर्य ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए निखिल गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें अवर अभियंता इं. श्याम सुंदर तिवारी ने पुरस्कार प्रदान किया।
मुकाबले का उद्घाटन अनपरा तापीय परियोजना के अधीक्षण अभियंता सिविल इं. महेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन से पूर्व सभी क्रिकेटरों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सहायक अभियंता इं. अशोक कुमार, अवर अभियंता इं. श्याम सुंदर तिवारी, अवर अभियंता इं. रवींद्र कुमार, पूर्व फुटबॉलर संजय देव, पूर्व क्रिकेटर अशोक राय, उमेश विंद और श्वेताभ पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सीरीज के अगले चार मुकाबले 30 व 31 अगस्त तथा 5 व 6 सितंबर को खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में जीत के बाद ऊर्जाचल टाइगर्स की टीम बढ़े हुए मनोबल के साथ अगले मुकाबलों में उतरेगी।

