गुड टच-बैड टच से OTP फ्रॉड तक, सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक

सोनभद्र। मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, स्वास्थ्य और साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। वहीं महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। फर्जी कॉल और लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। लोगों से स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी या संवेदनशील जानकारी साझा न करें। पुलिस ने आपात स्थिति में सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग करने की अपील की। पुलिस का संदेश: “नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।”

ये भी पढ़िए