अमवार चौकी के पुलिसकर्मियों पर आदिवासी परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

जातिसूचक शब्दों के प्रयोग, गाली-गलौज व मारपीट की शिकायत; सीओ दुद्धी से निष्पक्ष जांच की मांग


जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। अमवार चौकी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर आदिवासी परिवार के साथ कथित तौर पर अभद्रता, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। ग्राम बघाडू निवासी बाबूलाल गोंड पुत्र स्व. देवलाल गोंड ने इस संबंध में क्षेत्राधिकारी दुद्धी को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें जमीनी विवाद के संबंध में बातचीत के लिए अमवार चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि चौकी पर पहुंचे बाबूलाल के साथ मौजूद आदिवासी महिलाओं और पुरुषों से कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
बाबूलाल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए भीड़ लेकर चौकी आने पर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। घटना के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद लोगों ने स्वयं को मानसिक रूप से परेशान और भयभीत बताते हुए उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
शिकायत में घटना की निष्पक्ष जांच कराने, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विधि-सम्मत एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। साथ ही शिकायतकर्ता ने स्वयं तथा अन्य पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग रखी है।
शिकायतकर्ता के साथ मौजूद बताए गए प्रत्यक्षदर्शियों में अमर सिंह, रामदयाल, मानती देवी, रामजीत, राधेश्याम, इंद्रावती, रामचरण, सुशीला देवी, निशा, रजवी, सत्यवंती देवी और पार्वती के नाम शामिल हैं।
पीड़ित पक्ष ने जातिसूचक अपमान, गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों की जांच कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अब पूरे मामले में पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़िए