2.70 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा पारदर्शी व्यवस्था का लाभ, सीधे बैंक खाते में पहुंचेगा मानदेय
(मदन मोहन)चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के आधिकारिक पोर्टल, वेबसाइट और लोगो का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन से इसका शुभारंभ किया। सरकार की इस डिजिटल पहल का उद्देश्य प्रदेश के 2.70 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मियों को बिचौलियों के आर्थिक शोषण से मुक्त कर पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार चंदौली में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

हर महीने की 5 तारीख तक खाते में पहुंचेगा मानदेय
नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय का भुगतान हर माह की 5 तारीख तक सीधे उनके बैंक खातों में किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कर्मियों को EPF, ESIC और मेडिकल कवर जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। UPCOS पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभाग सीधे मानव संसाधन की मांग दर्ज करेंगे। मैनपावर एजेंसियों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। इससे आउटसोर्सिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ठेकेदारों की मनमानी और कमीशनखोरी पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
चंदौली में श्रमिकों को 5.04 लाख रुपये की सहायता
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। कन्या विवाह सहायता योजना के तहत छह श्रमिकों को कुल 3.90 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत चार लाभार्थियों को कुल 1.14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मियों को नई यूनिफॉर्म भी वितरित की गई।
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और UPCOS पोर्टल से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। विधायक सुशील सिंह ने इसे श्रमबल को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संबंधित विभागों को UPCOS पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से आउटसोर्सिंग प्रक्रिया संचालित करने के निर्देश दिए।

