किराए के मकान में फंदे से लटकता मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 27 वर्षीय युवक का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बीड़र गांव निवासी धीरज कुमार उर्फ बच्चा (27) पिछले करीब छह वर्षों से अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे उसका एक चालक साथी गांव के रास्ते से गुजरते हुए उससे मिलने मकान पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब उसने अंदर झांका तो धीरज लकड़ी के बरेड में साड़ी के फंदे से लटका दिखाई दिया।
यह दृश्य देखते ही उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस के साथ गांव के कार्यवाहक प्रधान श्रवण कुमार भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक धीरज तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और पेशे से चालक था। पारिवारिक उलझनों के चलते वह कुछ समय से किराए के मकान में रह रहा था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पूर्व हुई थी और कोई संतान नहीं थी। पत्नी राखी के अवसर पर अपने मायके गई हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही वह वापस लौट आई। पति की मौत की खबर से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़िए