दुद्धी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21 लाख के डोडा समेत तस्करी में इस्तेमाल कार बरामद

सोनभद्र : पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रखा है, ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस ने अंतर्राज्यीय डोडा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों की आर्टिका कार की पिछली सीट निकालकर उसमें डोडा से भरी 9 प्लास्टिक की बोरियां छिपाई गई थीं। पुलिस ने तलाशी ली तो कुल 01 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। बरामद डोडा, तस्करी में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन समेत पूरी बरामदगी की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में सामने आया है कि तस्कर झारखंड के डाल्टेनगंज से डोडा लेकर बरेली जा रहे थे। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुट गई है।

दुद्धी पुलिस की यह कार्रवाई रजखड़ घाटी में हुई है। पुलिस टीम रजखड़ तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विंढमगंज की तरफ से एक सफेद रंग की आर्टिका कार आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ लदा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद पुलिस को वही आर्टिका कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार से हाथीनाला की तरफ भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया और आगे मौजूद पुलिस बल को भी इसकी सूचना दी। रजखड़ घाटी में घेराबंदी कर कार को रोक लिया गया।

कार में सवार चालक और उसके साथी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र निवासी अनूप साहू और राहुल मौर्या के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस ने आर्टिका कार की तलाशी ली तो पूरा मामला सामने आ गया। कार की पिछली सीट निकालकर बनाई गई जगह में 9 प्लास्टिक की बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। इन बोरियों से कुल 1 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। बरामद डोडा की कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आर्टिका कार और दोनों आरोपियों के दो मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए हैं। वाहन समेत पूरी बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में चालक अनूप साहू ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी झारखंड के डाल्टेनगंज क्षेत्र से डोडा लेकर बरेली जा रहे थे। इसके लिए कार की पिछली सीट निकालकर डोडे की बोरियों को छिपाया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी दी है। अब पुलिस इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। डोडा की सप्लाई करने वाले और खरीद-फरोख्त में शामिल दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में दुद्धी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए