सोनभद्र,। अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विण्ढमगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने NDPS एक्ट के एक मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त को फतेहपुर जनपद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ज्ञानेन्द्र कुमार पुत्र नागेन्द्र कुमार, निवासी नई बस्ती, थाना राधानगर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराधियों एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में विण्ढमगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त थाना दुद्धी में दर्ज मु0अ0सं0-190/2026, धारा 8/20 एवं 60 NDPS Act के मामले में वांछित था। उपनिरीक्षक जयप्रकाश राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 05 सितंबर को फतेहपुर स्थित नंदी बाबा मंदिर के पास नई बस्ती में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयप्रकाश राम, हेड कांस्टेबल महफूज अली, हेड कांस्टेबल बृजराज यादव एवं कांस्टेबल तरूण वर्मा शामिल रहे।

