भक्तिमय माहौल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, थानाध्यक्ष सपत्नी ने की पूजा-अर्चना व आरती
अनपरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को थाना परिसर अनपरा, शक्तिनगर थाना परिसर और बीना चौकी में श्रद्धा व भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने भक्तिमय वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। थाना परिसर और मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
शाम होते ही मंदिर परिसर में भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया। अनपरा थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, शक्तिनगर थाना प्रभारी सतेंद्र राय तथा बीना चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। भगवान को झूला भी झुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उर्जांचलवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मनमोहक प्रस्तुतियों ने पुलिसकर्मियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का मन मोह लिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में पूरा थाना परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।
मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना एवं आरती कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। पुलिस परिवारों ने एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
देर रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में टी-सीरीज औरंगाबाद के गायक सनोज सागर, पटना की भारती निषाद और अनपरा के गोविंद ठाकुर ने भक्ति गीत एवं कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओंकार केसरी, रेणुपावर के एचआर हेड आशीष पाण्डेय, एनसीएल ककरी के पीओ एस. झा, जीएम पीओ मयंक सिंह, समाजसेवी आरडी सिंह, एसटीसी के प्रदीप राय, कुशाग्र राय, शेषनाथ सिंह, रिया प्लेस के एमडी फिरतू राम यादव, प्रमोद तिवारी बाबा, मनीष श्रीवास्तव, सरयुग बैसवार, बहादुर सिंह, अशोक सिंह, मनोज सिंह, एसके दास, सपा नेता एवं होटल श्री राम इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक रंग बहादुर यादव, शशि शरण, कुंदन सिंह, कृष्णा सिंह, अखिलेश भटनागर, चंद्रमौली मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में थाना अनपरा, शक्तिनगर एवं बीना चौकी के अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

