अनपरा थाना व रेनूसागर चौकी का औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को लेकर दिए कड़े निर्देश
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना अनपरा एवं चौकी रेनूसागर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, मेस, मिशन शक्ति कक्ष और परिसर में खड़े वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद यूपी-एमपी अंतर्राज्यीय सीमा दुल्लापाथर बॉर्डर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग कराई। थाना अनपरा पहुंचने पर पुलिस बल ने पुलिस अधीक्षक को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों के रहने और भोजन की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। थाना परिसर में खड़े वाहनों के रखरखाव की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मिशन शक्ति कक्ष के निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन सेवाओं एवं सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों और रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, प्रार्थना पत्रों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स पर विशेष जोर दिया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने चौकी रेनूसागर का भी औचक निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, ड्यूटी व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा एवं सतर्कता से दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
दुल्लापाथर बॉर्डर पर बढ़ाई सतर्कता
निरीक्षण के क्रम में एसपी अभिषेक वर्मा यूपी-एमपी अंतर्राज्यीय बॉर्डर दुल्लापाथर पहुंचे। यहां उन्होंने सीमा सुरक्षा और पुलिस चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल द्वारा आने-जाने वाले वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कराई गई। एसपी ने बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और विशेष सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतर्राज्यीय सीमा के जरिए होने वाले अवैध आवागमन, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चेकिंग एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए तथा पड़ोसी राज्य की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण एवं बॉर्डर चेकिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय समेत थाना अनपरा का पुलिस बल मौजूद रहा।

