सोनभद्र में थाना समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने करमा में सुनी फरियाद, 83 शिकायतें मौके पर निस्तारित

सोनभद्र। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए शनिवार को जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। थाना करमा में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार ने थाना चोपन एवं अनपरा पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। वहीं जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने थानों पर मौजूद रहकर फरियादियों की शिकायतों का समाधान करते रहे।
समाधान दिवस में विशेष रूप से भूमि विवादों के निस्तारण पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम आपसी समन्वय से कार्रवाई करे, ताकि फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का न्यायसंगत एवं त्वरित समाधान हो सके।
315 प्रार्थना पत्रों पर हुई सुनवाई
थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग के 10 पुराने तथा राजस्व विभाग के 232 लंबित प्रार्थना पत्र दर्ज रहे। वहीं शनिवार को पुलिस विभाग के 14 और राजस्व विभाग के 71 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
प्राप्त शिकायतों में पुलिस विभाग के 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में भी मौके पर निस्तारण की कार्रवाई की गई। शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है।

ये भी पढ़िए