सोनभद्र,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन कल्याण सेवा समिति के सौजन्य से सोनभद्र में ‘नमो मैराथन’ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह और जोश के साथ मैराथन में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नन्दलाल गुप्ता, जिला प्रभारी श्री अनिल सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में नमो मैराथन जैसी पहल महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है।
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजन प्रभावी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना है। “दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान, स्वस्थ युवा ही हैं भारत की असली पहचान” के संदेश के साथ आयोजित मैराथन में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को प्रभारी मंत्री, समाज कल्याण राज्य मंत्री एवं भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा धनराशि, प्रशस्ति-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

