बभनी/सोनभद्र(अरुण पांडेय)
बभनी (सोनभद्र)। जवाबदेह सरकार की मांग को लेकर मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा बभनी ब्लॉक पहुंची। इस दौरान बभनी, इकदीरी, पोखरा, रनदह, चवना, बैना, घघरा, धनखोर और घघरी समेत विभिन्न गांवों में जनसंपर्क, संवाद व बैठकें आयोजित की गईं। यात्रा के माध्यम से आगामी 20 सितंबर को वाराणसी में आयोजित ‘नई पीढ़ी संवाद’ में शामिल होने और समर्थन देने की अपील की गई।
यात्रा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गांवों में माइक्रोफाइनेंस कंपनियां महिलाओं से भारी आर्थिक लूट कर रही हैं और प्रदेश से पूंजी का बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है। रोजगार के अभाव में युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। मनरेगा की स्थिति खराब है और नई योजनाओं में कराए गए कार्यों का महीनों से भुगतान नहीं हुआ है।

वक्ताओं ने स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महज रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं, जहां बुनियादी संसाधनों का अभाव है। बेहतर शिक्षा न मिलने से लड़कियां पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हैं। सरकार जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे संवैधानिक अधिकार देने के बजाय ‘खैरात’ बांटने का काम कर रही है। देश में संसाधनों की कोई कमी नहीं है; यदि कॉर्पोरेट संपत्ति पर टैक्स लगाया जाए और काली पूंजी पर नियंत्रण किया जाए तो हर नागरिक को उसका अधिकार मिल सकता है।
कार्यक्रम में आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (AIPF) के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान पूर्वांचल यात्रा की सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, इंद्रदेव खरवार, राजेंद्र प्रसाद गोंड, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, सुमन खरवार, मोहर सिंह गोंड, राम विचार गोंड और देव कुमार खरवार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


