चंदौली में ₹1.42 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा

फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाला ₹25 हजार का इनामी आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार


नौगढ़/चंदौली। रिपोर्ट मदन मोहन। कम ब्याज दर पर तत्काल लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले साइबर गिरोह के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने ₹25 हजार के इनामी वांछित आरोपी आशीष गैलवार, निवासी फर्रुखाबाद को लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरोह को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने में शामिल था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देता था। संपर्क में आने वाले लोगों से फाइल प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और इंश्योरेंस चार्ज सहित विभिन्न मदों में रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों और बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को इधर-उधर किया जाता था।
16 राज्यों में साइबर शिकायतें, ₹1.42 करोड़ की रकम फ्रीज
साइबर क्राइम पोर्टल (NCRP) की तकनीकी जांच में गिरोह के खिलाफ देश के अलग-अलग 16 राज्यों में साइबर शिकायतें सामने आई हैं। नोएडा में भी गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। चंदौली पुलिस के मुताबिक विभिन्न बैंक खातों में साइबर फ्रॉड से संबंधित करीब ₹1.42 करोड़ की धनराशि होल्ड/फ्रीज कराई जा चुकी है।
जून में हुई थी कार्रवाई, अब इनामी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य चंदौली में कथित रूप से संचालित कार्यालय से कंप्यूटर, पासबुक, मोहर और अन्य सामान समेटकर फरार होने की तैयारी में थे। 12 जून 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों—विरेन्द्र, आशीष पटवा और सोनी—को गिरफ्तार किया था। मौके से करीब 350 फर्जी पासबुक, 11 मोहरें, ब्लैंक चेक और कंप्यूटर सेट बरामद किए गए थे।
इसी मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी आशीष गैलवार की तलाश की जा रही थी। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन चिनहट, लखनऊ में मिलने के बाद पुलिस टीम ने 15 सितंबर की रात करीब 9:11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
साइबर सेल और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार सिंह, पवन कुमार यादव, आरक्षी मनोज चौहान तथा सर्विलांस टीम के आरक्षी गणेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या फोन पर मिलने वाले तत्काल और कम ब्याज वाले लोन के झांसे में आकर किसी अनजान खाते में रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़िए