पॉक्सो व एससी-एसटी एक्ट समेत तीन धाराओं में मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी
बभनी/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के एक गांव में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल से घर लौटते समय एक युवक ने छात्रा को रास्ते में रोक लिया और बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई।
छात्रा ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी मां और परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर बभनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : अरुण पांडेय, बभनी

