30 सितम्बर तक 15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं प्रतिभाग, 22 भाषाओं में आयोजित हो रही प्रश्नोत्तरी
सोनभद्र, 16 सितम्बर। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने और उनके नेतृत्व, नवाचार एवं रचनात्मक विचारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, सोनभद्र ने जनपद के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से इसमें अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।
‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027’ के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मक चिंतन और समस्या के समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करना है। प्रश्नोत्तरी 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है और इसमें प्रतिभाग करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित है।
पांच चरणों में होगा युवा संवाद
विकसित भारत युवा संवाद की प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी होगी। प्रथम चरण में 17 अगस्त से 30 सितम्बर तक प्रश्नोत्तरी होगी। इसके बाद चयनित युवा 5 से 9 अक्टूबर तक निबंध लेखन में प्रतिभाग करेंगे। 10 से 16 नवम्बर तक जिला स्तरीय प्रतियोगिता, 17 नवम्बर से 7 दिसम्बर तक राज्य स्तरीय युवा संवाद तथा 10 से 12 जनवरी 2027 तक राष्ट्रीय युवा संवाद आयोजित होगा।
प्रतियोगिता में सुशासन, नागरिक सेवाएं, जलवायु सुरक्षा, युवा विकास, सतत औद्योगिकीकरण, प्राकृतिक संसाधन, उद्यमिता, हरित विकास, जनजातीय नेतृत्व, नवाचार, पर्यटन, प्रौद्योगिकी, रोजगार क्षमता, नीली अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के समक्ष विचार रखने का अवसर
विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय युवा संवाद के लिए चयनित युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार, विजन एवं नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त होगा।
जिला युवा अधिकारी ने सोनभद्र के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़ें और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

