सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगैल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को जुगैल थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अप्रैल माह में गेहूं कटाई के दौरान तथा घर पर अकेली होने का फायदा उठाकर आरोपी राजकुमार उर्फ कुंवरलाल पुत्र शंखलाल ने दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के गर्भवती होने और आरोपी द्वारा गर्भपात की दवा खिलाए जाने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
मामले में थाना जुगैल पर बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियोग में वांछित आरोपी राजकुमार उर्फ कुंवरलाल, निवासी भरहरी टोला हर्षाडांड़, थाना जुगैल को 26 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे भरहरी तिराहे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक विपिन बिहारी राय, हेड कांस्टेबल श्याम शेर, कांस्टेबल पवन एवं कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।

