कनेक्शन जोड़ते समय करंट लगने से बर्तन व्यापारी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में शनिवार शाम पंखे का कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक 42 वर्षीय बर्तन व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में रोना पिटना मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, झारोखुर्द निवासी लालबिहारी सोनी उर्फ नागेंद्र (42) पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र शनिवार शाम लगभग साढ़े 7 बजे अपने घर में स्टैंड पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे। उसी दौरान वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विनोद सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक पेशे से बर्तन के व्यापारी थे। उनके निधन से पत्नी का रो रो कर बुराहाल है ।वहीं मृतक के चार बच्चों तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। सभी बच्चे अभी नाबालिग हैं। अस्पताल के मेमो के जरिए घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी दुद्धी पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

ये भी पढ़िए