बोलेरो में भरकर बिहार जा रही थी शराब, मांची पुलिस ने तस्कर को दबोचा

सोनभद्र। अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धी अभियान के तहत थाना मांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक अन्तर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करते हुए बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामद शराब व वाहन की कुल अनुमानित कीमत 3.58 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को शाम करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर मांची पुलिस ने राकेश यादव पुत्र लालधारी यादव, निवासी ग्राम सोहदाग, थाना अधौरा, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष को बोलेरो वाहन समेत गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की 95.340 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 96 लीटर बीयर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब को थाना पन्नूगंज क्षेत्र से कम कीमत पर खरीदकर अधिक लाभ के लिए रोहतास, बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मांची में मु0अ0सं0 55/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में रिमांड के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बरामद सफेद रंग की बोलेरो की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई है। शराब और वाहन समेत कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत 3.58 लाख रुपये है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरी, उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद यादव, हेड कांस्टेबल राधेश्याम यादव, हेड कांस्टेबल चन्द्रकेश पाण्डेय एवं कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे।

ये भी पढ़िए