सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने शनिवार को थाना शाहगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ऑपरेशन ने शस्त्रागार, मालखाना, थाना कार्यालय, मेस एवं आवासीय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। शस्त्रागार में शस्त्रों एवं कारतूसों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिसकर्मियों से शस्त्रों को खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया का भी परीक्षण कराया गया। शस्त्रों की सुरक्षित देखरेख के साथ नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया।
मालखाने तथा विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें अद्यतन एवं नियमानुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। संबंधित प्रविष्टियों और अभिलेखीकरण की भी जांच की गई।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। महिला हेल्प डेस्क, महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सहायता व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने थाना पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी शाहगंज समेत थाना पर नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

