सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। पुलिस टीमों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा OTP साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस ने आमजन से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की। महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए 112 आपातकालीन सेवा, 1090/1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
सोनभद्र पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

