ताखे की सफाई के दौरान महिला को करैत ने डसा, हालत स्थिर

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, दुद्धी, सोनभद्र। कच्चे घर में बने ताखे की सफाई करना एक महिला को भारी पड़ गया। ताखे में छिपे करैत सर्प ने सफाई के दौरान महिला के दाएं हाथ में डस लिया। सर्पदंश के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र के रक्सी कदवा गांव निवासी तरेगनी देवी (47) पत्नी रामवतार भुइयां सोमवार शाम करीब चार बजे अपने कच्चे मकान में बने ताखे की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान ताखे में छिपे करैत सर्प ने उनके दाएं हाथ में डस लिया।
सर्प के डसते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में महिला का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।

ये भी पढ़िए