बभनी में गांधी और शास्त्री जयंती पर ध्वजारोहण व स्वच्छता अभियान, बच्चों ने लिए स्वच्छता के संकल्प।

अरुण पांडेय बभनी(सोनभद्र)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर को बभनी क्षेत्र में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण, माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

सुबह विद्यालयों में प्रधानाचार्यों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

विद्यालय परिसरों में चला सफाई अभियान
स्वच्छता अभियान के तहत दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कॉलेज, आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल, जनता शिक्षण संस्थान समेत अन्य विद्यालयों में व्यापक साफ-सफाई कराई गई। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष और खेल मैदान की साफ-सफाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास सफाई रखने की शपथ भी दिलाई गई।

निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कॉलेज में गांधी जयंती के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों और शास्त्री जी के ‘जय जवान जय किसान’ के नारे पर अपने विचार रखे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

आदर्शों पर चलने की दी प्रेरणा


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एस.के.पांडेय ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजादी दिलाई, उनके बताए मार्ग आज भी प्रासंगिक हैं। आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अंजनेय श्रीवास्तव ने लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी और ईमानदारी को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। जनता शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ.अमरदेव पांडेय ने कहा कि दोनों महापुरुषों के सपनों को साकार करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। इस दौरान विद्यालयों के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए