रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे निगरानी अभियान के तहत जयमोहनी रेंज पुलिस और वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने धौटवा बीट के कम्पार्टमेंट शिकारगंज-17 में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को समय रहते विफल कर दिया।
मुखबिर की सटीक सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने तुरंत टीम गठित कर मौके पर भेजा। जाँच में पाया गया कि आरोपी तैयब (पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी तकिया, जनपद सोनभद्र) वर्ष 2026-27 में कराए गए पौधरोपण के पौधों को नष्ट कर रहा था और पम्पिंग सेट से पानी चलाकर ज़मीन को खेती के लिए तैयार करने की फिराक में था।

वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी पम्पिंग सेट छोड़कर मौके से फरार हो गया। टीम ने पम्पिंग सेट को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय में सीज कर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि वन अपराधों पर पूरी तरह से ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्थान पर पौधों को नुकसान पहुँचाया गया है, वहाँ दोबारा वृक्षारोपण कराया जाएगा और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जल्द ही सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान वन दरोगा सोमेश कुमार, विशाल चन्द्र, वन रक्षक चन्द्रशेखर, प्रमोद कुमार, प्रेम सिंह, मुलायम समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

