सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को आत्मसात करने का लिया संकल्प
शक्तिनगर, सोनभद्र। चिल्काडाँड ग्राम पंचायत भवन परिसर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। ग्राम प्रधान हीरालाल सहित पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और ग्रामीणों ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को एकजुट करने तथा स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। लोगों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और आपसी सद्भाव के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। ग्रामीणों को घर, गांव और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से साफ-सफाई रखने तथा आसपास गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता को स्वस्थ एवं बेहतर समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
ग्राम प्रधान हीरालाल ने महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को केवल जयंती तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ रखने और आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सहायक सचिव पिंटू कुमार, सफाई कर्मी राज कुमार गौतम, ग्राम पंचायत सदस्य अशोक अग्रहरी, राजेश शर्मा, सुरेश गुप्ता, अशोक चौधरी, पंकज शुक्ला, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने और स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण में सहयोग करने के संकल्प के साथ हुआ।

