संगठन के विस्तार और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सौंपी गई जिम्मेदारी, तत्काल प्रभाव से लागू होगा नियुक्ति पत्र
ओबरा/अनपरा, सोनभद्र। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) की उत्तर प्रदेश राज्य समिति ने संगठन के विस्तार और मजदूरों के हितों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह की संस्तुति तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम सिंह की सहमति से विष्णु देव झा को उत्तर प्रदेश की समस्त परियोजनाओं के अतिरिक्त प्रभारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
11 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, विष्णु देव झा को संगठन मंत्री के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सभी परियोजनाओं के अतिरिक्त प्रभार का दायित्व दिया गया है। वह मूल रूप से ओबरा कॉलोनी, सोनभद्र के निवासी हैं तथा उनका अस्थायी पता अनपरा कॉलोनी है।
संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में उम्मीद जताई गई है कि विष्णु देव झा संगठन की रीति-नीति, संविधान एवं अनुशासन का पालन करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा करेंगे। साथ ही संगठन के विस्तार, मजबूती और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।
BJMTUC के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने अपने पत्र में विश्वास जताया कि विष्णु देव झा के नेतृत्व और सक्रियता से संगठन को उत्तर प्रदेश में नई मजबूती मिलेगी तथा श्रमिकों के हितों से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इस निर्णय को संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब विष्णु देव झा के सामने प्रदेश की विभिन्न परियोजनाओं में संगठन को मजबूत करने और मजदूरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी होगी।

