रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली। विकास खंड नौगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरा व राजस्व ग्राम नर्वदापुर में ‘जीरो पावर्टी’ योजना के तहत आवंटित आवासों के सत्यापन को लेकर भारी जनाक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान परमानंद यादव भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने सेक्टर प्रभारी ए०डी०ओ० (ISB) अनिल कुमार और ग्राम पंचायत सचिव सुमितनंदन पर गंभीर आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी (BDO) नौगढ़ को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है।
पात्र लाभार्थियों को अपात्र करने का आरोप खंड विकास अधिकारी को दिए गए पत्र में ग्राम प्रधान परमानंद यादव एवं ग्रामीणों ने बताया कि ‘जीरो पावर्टी’ योजना के तहत गांव में स्वीकृत किए गए आवासों में से 7 पात्र व्यक्तियों के नाम मनमाने ढंग से सूची से हटा दिए गए हैं। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची आने के बावजूद सेक्टर प्रभारी अनिल कुमार द्वारा केवल 1 व्यक्ति को पात्र दिखाया गया है।
“घर में घुसकर मांगे जा रहे पैसे”
शिकायत पत्र में अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोप लगाया गया है कि सेक्टर प्रभारी अनिल कुमार और सचिव सुमितनंदन द्वारा सत्यापन के नाम पर लाभार्थियों के घरों में घुसकर पैसों की मांग की जा रही है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने इस आचरण को बेहद निंदनीय और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया है।
सेक्टर प्रभारी बदलने और कार्रवाई की मांग
ग्राम प्रधान परमानंद यादव व ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि वर्तमान सेक्टर प्रभारी ए०डी०ओ० (ISB) अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से आवास सत्यापन के कार्य से हटाया जाए और किसी निष्पक्ष अधिकारी को नया सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया जाए। साथ ही पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान ग्राम प्रधान परमानंद यादव, प्रार्थी संदीप कुमार, कल्लू, हरेन्द्र, रामभरोसे, अरविन्द सहित गवाह व ग्रामवासी राकेश, ब्रह्मराम गुप्ता, बीरबल, शशांक, रामप्यारे, जगदिश, विजय गुप्ता, गजानन्द यादव, अतीस यादव, अमरजीत, भोला, अभिमन्यु, छब्बूनाथ, दिनेश कुमार, महेन्द्र, नन्दलाल, रामलखन आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

