जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दुद्धी इकाई ने शुक्रवार को भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में ‘लोकतंत्र अपनाओ,अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर सवाल उठाने तथा उनके प्रति अविश्वास फैलाने के प्रयासों का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन उसे संवैधानिक मर्यादा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के भीतर ही होना चाहिए।
अभाविप के सोनभद्र विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव सुधार की प्रक्रियाओं पर बिना आधार सवाल उठाना लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने राजनीतिक असहमति के नाम पर अराजकता फैलाने के प्रयासों को निंदनीय बताया और कहा कि छात्र समाज ऐसी गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
तहसील संयोजक राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि चुनाव सुधारों पर स्वस्थ चर्चा हो सकती है, परंतु किसी भी आपत्ति का समाधान संवैधानिक एवं कानूनी मार्ग से ही होना चाहिए। उन्होंने देश की शांति, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
कार्यकर्ताओं ने एसआईआर जैसी चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़ी शिकायतों के निर्धारित वैधानिक माध्यमों से निपटारे पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से तथ्यों के आधार पर राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विकास चौधरी, अनामिका, संतोष कुमार, अशोक कुमार, रेशमी गुप्ता, आकाश कुमार, बबलू सिंह, मनोज सिंह, जयप्रकाश सोनकर, राहुल कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

