धनतेरस की संध्या पर नौगढ़ बाजार में सुरक्षा सख्त: CO और SHO ने पुलिस बल के साथ निकाला पैदल गश्त

रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़ चंदौली। धनतेरस पर्व की संध्या पर नौगढ़ कस्बा व मुख्य बाजार क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौगढ़ देवेन्द्र कुमार और थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ बाजार के मुख्य मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।
त्योहार के मद्देनजर बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी आम जनता और व्यापारियों में सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, बर्तन मंडी और आभूषण दुकानों के आसपास पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की तथा दुकानदारों व आम नागरिकों से संवाद कर शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।


सीओ देवेन्द्र कुमार ने मातहतों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बनी रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए ताकि खरीदारी करने आए लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गश्त के दौरान पुलिस बल की सक्रियता देखकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना की।

ये भी पढ़िए