नौगढ़ (मदन मोहन)चंदौली : जनपद के थाना चकराघट्टा क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जम्मोहिनी पोस्ता (जरलहवा) के पास एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया।

बहन के घर जा रहा था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गणेश कुमार पुत्र शदाब के रूप में हुई है, जो ग्राम बसौली, थाना चकराघट्टा (जनपद चंदौली) का निवासी था। सोमवार, 30 मार्च 2026 को गणेश अपनी मोटरसाइकिल से अपनी बहन के घर बट गांव (मधुपुर, सोनभद्र) जा रहा था। जैसे ही वह जम्मोहिनी पोस्ता के पास पहुँचा, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
पुलिस की कार्यवाही
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाकर थाना नौगढ़ की पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गणेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव बसौली पहुँची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

