सोनभद्र। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करमा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना करमा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार थाना करमा पर दर्ज मुकदमा संख्या 126/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 (गैंगस्टर एक्ट) में वांछित चल रहे दोनों अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर गुरुवार सुबह करीब 8:25 बजे बहेरा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश मौर्या (40 वर्ष) पुत्र रूपनाथ मौर्या तथा सनोज यादव उर्फ पगल यादव (25 वर्ष) पुत्र बग्गल यादव, दोनों निवासी ग्राम बहेरा (रजपुरवा), थाना करमा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह, उपनिरीक्षक कृपाशंकर राम एवं कांस्टेबल आकाश गुप्ता शामिल रहे।

