अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कोन का किया औचकनिरीक्षण, जवानों के साथ खाया खाना

सोनभद्र। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार ने थाना कोन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अर्दली रूम के माध्यम से अभिलेखों का रख-रखाव देखा और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अभिलेखों और साफ-सफाई का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना कार्यालय के अपराध रजिस्टर, मालखाना, हवालात और बैरक का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सीसीटीएनएस (CCTNS) पर किए जा रहे कार्यों की प्रगति जानी और थाने की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों का अपडेशन समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।

रिक्रूट आरक्षियों की ली क्लास

एएसपी ने थाने पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने प्रशिक्षु जवानों को अनुशासन, व्यवहारिक दक्षता और पुलिसिंग की बारीकियों के बारे में समझाया। उन्होंने जोर दिया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता से ही भविष्य की बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित होगी।

पेंडिंग विवेचनाओं पर कड़ा रुख

थाना परिसर में आयोजित गोष्ठी के दौरान श्री अनिल कुमार ने पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने निर्देशित किया कि त्वरित निस्तारण लंबित विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द किया जाए। महिला सुरक्षा महिला संबंधी अपराधों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्यवाही करें। जनसुनवाई थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए ताकि पुलिस की छवि बेहतर हो। गश्त और चेकिंग रात्रि गश्त, बैंक और वाहन चेकिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जवानों का बढ़ाया उत्साह

निरीक्षण और गोष्ठी के समापन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए थाने के मेस में पुलिस जवानों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। उनके इस व्यवहार से जवानों में काफी उत्साह देखा गया। एएसपी ने कहा कि कठिन ड्यूटी के बीच जवानों का मनोबल ऊंचा रहना बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़िए