(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जिले में संचालित निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी रॉबर्ट्सगंज की संयुक्त टीम ने विभिन्न चिकित्सकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पंचशील हॉस्पिटल (छपका) और बनारस पॉली क्लिनिक (उरमौरा) की व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं। वहीं पन्नूगंज रोड स्थित क्रीघा हॉस्पिटल में चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर उसकी ओपीडी, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।

कम्हारी स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं मिलने तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के नोट्स उपलब्ध न होने पर ऑपरेशन थिएटर सीज कर दिया गया। बभनौली स्थित सहारा हॉस्पिटल में मरीजों के अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर उसे आयुष्मान भारत योजना से डी-पैनल किए जाने की संस्तुति शासन को भेजी जा रही है। इसके अलावा दुर्गा पॉली क्लिनिक में लगातार दूसरी बार चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर क्लीनिक को सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

