(ज्ञानेश दुबे)वाराणसी। तहसील सदर में कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में मनमानी के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ वर्षों से तहसील में कार्य व्यवस्था प्रभावित है, जिससे आम जनता और फरियादियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी की जा रही है तथा कई मामलों में मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने तहसील सदर के एसडीएम पर तानाशाही रवैया अपनाने, अधिवक्ताओं के साथ अनुचित व्यवहार करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है, जिसके कारण जनता का भरोसा प्रभावित हो रहा है।
तहसील बार एसोसिएशन ने संबंधित एसडीएम के तत्काल स्थानांतरण की मांग की है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

