अनपरा/सोनभद्र। अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अनपरा सोनभद्र में युवा संसद में प्रभावशाली वक्तव्य देकर महाविद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित करने वाली बीए प्रथम वर्ष की छात्रा नमीरा का सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन गत 2 मई 2026 को उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में संपन्न हुआ था। इस कार्यक्रम में संघीय बजट 2026 तथा विकसित भारत-2047 के परिप्रेक्ष्य में प्रदेशभर से आए लगभग 300 से अधिक युवाओं ने अपने विचार एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।
इसी क्रम में महाविद्यालय की छात्रा नमीरा ने अपने बेबाक, प्रभावशाली एवं सारगर्भित वक्तव्य से संघीय बजट तथा विकसित भारत के सपनों पर अपने विचार व्यक्त किए, जिसे सदन में उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह ने कहा कि महाविद्यालय को नमीरा जैसी प्रतिभाशाली छात्रा पर गर्व है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने भी छात्रा को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही यह भी बताया गया कि नमीरा का चयन राजस्थान यूथ पार्लियामेंट के लिए भी हुआ है, जहाँ वे पुनः अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

