सोनभद्र : अनपरा में “मिशन शक्ति फेज-05” अभियान के तहत एक अनूठी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को डीएवी इंटर कॉलेज ककरी अनपरा की कक्षा 12 की छात्रा अर्पिता को एक दिन के लिए अनपरा थानाप्रभारी का कार्यभार सौंपा गया। इस कदम का उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

कार्यभार संभालते ही, ‘एक दिन की थानाप्रभारी’ अर्पिता ने गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले अनपरा थाना के कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझा। इसके बाद, उन्होंने महत्वपूर्ण रजिस्टरों का अवलोकन किया और पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

अर्पिता ने अनपरा थाना में आई जनसमस्याओं की सुनवाई भी की। जनसुनवाई के दौरान, उन्होंने एक जिम्मेदार अधिकारी की भूमिका निभाई। छात्रा अर्पिता की कार्यशैली और तुरंत समस्याओं का समाधान करने की तत्परता को देखकर अनपरा थाना में आए फरियादी बेहद खुश हुए। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उनकी सुनवाई तत्काल हुई और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान, अनपरा थानाध्यक्ष बृजेश सिंह सहित थाने के समस्त स्टाफ ने छात्रा अर्पिता की कार्यक्षमता और गंभीरता की प्रशंसा की।


