बभनी सोनभद्र : जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने थाना बभनी का आकस्मिक (औचक) निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के प्रशासनिक कामकाज से लेकर छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर स्थित चेक पोस्ट तक की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
महिला हेल्प डेस्क और मेस की व्यवस्थाएं जांची
एएसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेखों (रिकॉर्ड) के रखरखाव, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, मालखाना, हवालात और थाना परिसर की साफ-सफाई को देखा। मिशन शक्ति केंद्र महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता और त्वरित गति से किया जाए। पुलिस मेस: जवानों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और मेस की स्वच्छता की भी जांच की गई, जहाँ उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

“ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दें। आम जनता के साथ हमारा व्यवहार संवेदनशील और मददगार होना चाहिए।
रिक्रूट आरक्षियों को दी सीख, परखी बॉर्डर की सुरक्षा
थाने में तैनात नए रिक्रूट आरक्षियों और महिला आरक्षियों के साथ बैठक करते हुए एएसपी ने उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जवानों को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और पुलिस आचरण के बारे में विस्तार से ब्रीफ किया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सीधे सोनभद्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर स्थित आसनडीह चेक पोस्ट पहुंचे। उन्होंने वहाँ तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बॉर्डर पार करने वाले हर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की सघन चेकिंग की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।

