बभनी (सोनभद्र) पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बभनी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैर जमानतीय वारंट (NBW) के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और पूर्व में जिला बदर रह चुके अपराधी जवाहिर यादव को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
ससुराल से दबोचा गया शातिर अपराधी
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त जवाहिर यादव पुत्र तपेश्वर यादव (निवासी ग्राम सागोबाँध, थाना बभनी) पर माननीय न्यायालय अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) दुद्धी द्वारा मु0नं0 677/18, मु0अ0सं0 30/18, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत गैर जमानतीय वारंट जारी किया गया था। वह पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर बभनी पुलिस की टीम ने उसे उसके ससुराल ग्राम- गोविन्दपुर, थाना चन्दौरा, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद उसे विधिक कार्यवाही पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अभियुक्त का है लंबा आपराधिक इतिहास पकड़ा गया आरोपी जवाहिर यादव क्षेत्र का एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
वारंटी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उप निरीक्षक सरफराज हुसैन और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

