सोनभद्र में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 नाबालिग बच्चों को कराया गया मुक्त

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र । जनपद में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत श्रम विभाग और मानव तस्करी रोधी थाना (AHT) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को डाला, चोपन और ओबरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों में कार्यरत 6 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।
संयुक्त टीम ने बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान जिलाधिकारी चर्चित गोंड और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम, मानव तस्करी और बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज शर्मा, मानव तस्करी रोधी थाना के प्रभारी निरीक्षक रामदरश राम, मुख्य आरक्षी धनंजय यादव, आरक्षी पंकज कुमार तथा महिला आरक्षी शालिनी वैश्य शामिल रहीं।

ये भी पढ़िए