नौगढ़ (चन्दौली)। जनपद में गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत चकरघट्टा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वध हेतु बिहार ले जाए जा रहे 08 राशि गोवंश (गाय) को बरामद किया है। मौके से एक शातिर पशु तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
जंगल के रास्ते तस्करी की थी योजना
पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर गोवंशों को पैदल हांककर जंगल के रास्ते बिहार सीमा में दाखिल कराने की फिराक में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम टिकुरिया नदी के पास घेराबंदी की और जमसोत की ओर ले जाए जा रहे पशुओं को मुक्त कराया।
सस्ते में खरीदकर वध हेतु भेजते थे बिहार
पकड़े गए तस्कर की पहचान राजा बोलारक यादव (27 वर्ष), निवासी ग्राम पडहवा, थाना चकरघट्टा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कबूल किया कि वह ग्रामीण इलाकों से सस्ते दामों पर गोवंशों को इकट्ठा करता था और उन्हें पैदल ही दुर्गम रास्तों से होते हुए भभुआ (बिहार) ले जाकर वध हेतु बेच देता था।
कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 11/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम (धारा 3/5ए/5बी/8) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (धारा 11) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क की तलाश कर रही है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल बरामदगी में थानाध्यक्ष संतोष कुमार के साथ उप-निरीक्षक लालबहादुर, शिवसागर द्विवेदी, मुख्य आरक्षी विनोद सिंह यादव, संजय साहू और सुरेंद्र प्रताप यादव की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्ट: मदन मोहन, नौगढ़ (चन्दौली)

