रामपुर बरकोनिया, रायपुर और विण्ढ़मगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; गोवंश तस्करी से जुड़े अपराधियों पर कसा शिकंजा
सोनभद्र (ब्यूरो)। जनपद में अपराधियों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थानों की पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट से संबंधित कुल 06 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय रवाना किया। इन अभियुक्तों पर गोवध निवारण अधिनियम और समाज विरोधी क्रियाकलापों के गंभीर आरोप हैं।
रामपुर बरकोनिया: वन विभाग कार्यालय के पास से तीन धराए
थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मंगलवार रात करीब 8:15 बजे ग्राम पटना स्थित वन विभाग कार्यालय तिराहे से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में रामजियावन (निवासी पटना), धीरेन्द्र उर्फ धुरेन्दर (निवासी सिलथम) और गनेश उर्फ वीरू (निवासी दरमा टोला) शामिल हैं। इन पर गोवध निवारण अधिनियम और गिरोहबन्द अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
रायपुर: चेकिंग के दौरान गैंगेस्टर संदीप मौर्या गिरफ्तार
थाना रायपुर पुलिस ने बुधवार सुबह सोहदवल मेन रोड से चेकिंग के दौरान संदीप मौर्या को गिरफ्तार किया। संदीप रॉबर्ट्सगंज के ग्राम तीनताली का निवासी है और काफी समय से गैंगेस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। उपनिरीक्षक शमशेर यादव की टीम ने उसे सुबह करीब 07:54 बजे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की।
विण्ढ़मगंज: बस स्टैंड से दबोचे गए दो शातिर अपराधी
विण्ढ़मगंज थाना पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए बस स्टैंड से दो अभियुक्तों, अशोक यादव (निवासी घिवही) और सुरेश यादव (निवासी साउडीह, हाथीनाला) को गिरफ्तार किया। इन दोनों पर गोवध निवारण अधिनियम के साथ-साथ पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
वरिष्ठ अधिकारियों का पर्यवेक्षण
इस पूरी कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) श्री ऋषभ रूणवाल, क्षेत्राधिकारी सदर श्री राज सोनकर और क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय ने सक्रिय निगरानी की। पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में अपराध की कमर तोड़ने के लिए इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

