सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को मिली सफलता, चुनार का रहने वाला है तस्कर

सोनभद्र। जनपद में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत पुलिस को शनिवार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक अंतरजनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 101.76 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है।


घेराबंदी कर पकड़ा गया तस्कर


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे बभनौली चौराहे के पास पुलिस टीम संदिग्धों की जांच कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और हिन्दुआरी पुल के पास उसे दबोच लिया।


मिर्जापुर का रहने वाला है अभियुक्त


पकड़े गए युवक की पहचान सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 101.76 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह यह माल ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था।
मोटरसाइकिल सीज, एनडीपीएस एक्ट में जेल
प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 263/2026 धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP63AQ8477) को भी एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

“नशे के काले कारोबार में लिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह गिरफ्तारी हमारी टीम की सतर्कता का परिणाम है।”

सफलता पाने वाली टीम: इस सराहनीय कार्य में एसओजी प्रभारी राजेश जी चौबे, उप-निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा, महेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह पटेल, संदीप यादव, दिनेश प्रजापति और कांस्टेबल रितेश सिंह पटेल, अजीत कुमार व चालक अजीत यादव की मुख्य भूमिका रही।

ये भी पढ़िए