मतदान केंद्रों पर प्रशासन की बड़ी कवायद: 21 प्रस्तावों में 8 मंजूर, 18 जुलाई तक होगी अंतिम सूची जारी

डीएम की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न, दो दिन के भीतर मांगे गए अंतिम सुझाव और आपत्तियां


सोनभद्र। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जांच के बाद कुल 21 प्रस्तावों में से 8 को स्वीकृति दी गई, जबकि 13 प्रस्ताव आयोग के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण निरस्त कर दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 4 जुलाई 2026 को विधानसभा क्षेत्रों घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, ओबरा (अ.ज.जा.) और दुद्धी (अ.ज.जा.) के मतदान स्थलों का आलेख्य प्रकाशित कर जिला वेबसाइट पर अपलोड किया गया था तथा आमजन से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
जनपद में वर्तमान में 1,563 मतदान स्थल एवं 973 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और आम आदमी पार्टी की ओर से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद आयोग के मानकों के अनुरूप निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों का एक बार पुनः अध्ययन कर लें। यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो अगले दो दिनों के भीतर अपना सुझाव अथवा आपत्ति लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें, ताकि परीक्षण के बाद 18 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों और मतदान स्थलों की अंतिम सूची जारी की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है।

ये भी पढ़िए