रिपोर्ट मदन मोहन, चंदौली। मिशन वात्सल्य के तहत ब्लॉक सभागार नौगढ़ में बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों को लेकर एक दिवसीय बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (VLCPC) के सचिवों को बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी तथा स्कूल से बाहर बच्चों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के साथ हिंसा, दुर्व्यवहार और उपेक्षा को रोकने के लिए ग्राम स्तर पर सतर्कता और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। जोखिम में रह रहे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान VLCPC सचिवों को ग्राम स्तर पर समिति को सक्रिय करने, नियमित बैठक आयोजित करने, बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की समय से रिपोर्टिंग तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने की जानकारी दी गई। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों और उनके परिवारों के लगातार संपर्क में रहने के कारण फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाने तथा बाल संरक्षण से जुड़े जोखिमों की पहचान और रिपोर्टिंग के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से शहनाज, गणेश प्रसाद एवं जितेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण में सहभागिता की। ग्राम स्वराज्य समिति, चंदौली के प्रतिनिधियों ने भी बाल अधिकार एवं संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग दिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी लालमणीराम, एडीओ समाज कल्याण सिद्धार्थ सिंह, सीडीपीओ रामप्रवेश प्रजापति, एडीओ आईएसबी अनिल सिंह, मुख्य सेविका सरोज रानी व छाया, डीसीपीयू से भैया लाल, बाल कल्याण समिति के सदस्य ताहिर हुसैन व धर्मेंद्र कुमार सिंह तथा श्रम विभाग से गणेश विश्वकर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

